सिरमौर में सड़क दुर्घटना में मारा गया सैनिक दिनेश।
- फोटो : NAHAN
नौहराधार (सिरमौर)। बेटी का जन्म होने पर एक महीने की छुट्टी लेकर आए डोगरा रेजिमेंट के एक जवान की सड़क हादसे में मौत हो गई है। नौहराधार-राजगढ़ मार्ग पर छनाड़ी के समीप अचानक उनकी गाड़ी करीब 100 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में डोगरा रेजिमेंट में तैनात 27 वर्षीय दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। मंगलवार को नाडियो खड्ड के किनारे सैन्य सम्मान के साथ सैनिक को अंतिम विदाई दी गई। सैनिक की अंतिम विदाई में लोगों का भारी हुजूम उमड़ा। पूरा इलाका भारत माता के जयकारों से गूंज उठा।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम सैनिक दिनेश और मान सिंह नौहराधार की ओर आ रहे थे। छनाड़ी के समीप अचानक उनकी सेलेरियो कार (एचपी 79-1943) करीब 100 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में नौहराधार पंचायत के भटयूडी निवासी दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मान सिंह घायल हो गया। हालांकि, दोनों को अस्पताल ले जाया गया था, जहां दिनेश को चिकित्सकों ने मृत घोषित किया।
दिनेश कुमार वर्ष 2013 में डोगरा रेजिमेंट में भर्ती हुआ था। वह श्रीनगर में सेवारत था। हाल में ही में उससे बेटी हुई थी। नामकरण भी सोमवार को ही करवाया गया। एएसआई नौहराधार चेतन चौहान ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंपा गया वहीं, श्रीनगर और कसौली स्थित डोगरा रेजिमेंट को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद रेजिमेंट से सेना के जवान मृतक सैनिक के गांव पहुंचे। मंगलवार दोपहर बाद सैनिक का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। भाई विनोद कुमार ने मुखाग्नि दी।
---------------------