नाहन (सिरमौर)। यातायात पुलिस ने शहर के कई इलाकों में बेतरतीब खड़े वाहनों पर शिकंजा कसा। यातायात पुलिस प्रभारी रामलाल चोपड़ा की अगुवाई में पुलिस कर्मियों ने शहर के महलात, दिल्ली गेट और मालरोड पर येलो लाइन से बाहर खड़े वाहनों के जमकर चालान काटे। शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के मकसद से पुलिस ने यह कार्रवाई अमल में लाई।
गौरतलब रहे कि पुलिस प्रशासन ने शहर में यातायात सुचारु रखने के मकसद से खुली सड़क के किनारे पर येलो लाइन लगाकर लोगों को वाहन पार्क करने की सुविधा भी दी है लेकिन कुछ लोग येलो लाइन से बाहर ही वाहन पार्क खड़े करके चले जाते हैं जिससे यातायात व्यवस्था बिगड़ रही है। ऐसे गैर जिम्मेदाराना लोगों को सबक सिखाने के मकसद से सोमवार को यातायात प्रभारी रामलाल चोपड़ा ने शहर के व्यस्त इलाके महलात, दिल्ली गेट और मालरोड का दौरा किया। इस दौरान बेतरतीब खड़े वाहनों के जमकर चालान काटे। उन्होंने दो दर्जन के करीब वाहनों के चालान काटे। जबकि कई वाहन चालकों को सख्त चेतावनी देकर छोड़ा।
यातायात प्रभारी रामलाल चोपड़ा ने शहर वासियों से वाहनों को पार्किंग जोन में खड़े करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रहे इसके लिए पुलिस प्रशासन के साथ-साथ लोगों को भी अपनी जिम्मेवारी समझनी चाहिए। पुलिस का मकसद किसी को परेशान करना नहीं है लेकिन विवश होकर पुलिस को इस तरह की कार्रवाई करनी पड़ती है। इसके लिए लोग खुद ही जिम्मेवार हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वह शहर के प्रति अपनी जिम्मेवारी को समझे और अपने वाहनों को सही ढंग से सही जगह पर पार्क करें। उन्होंने शहरवासियों से अपने वाहनों में अपना मोबाइल नंबर भी लिखने की अपील की। इस अवसर पर उनके साथ कांस्टेबल अर्जुन, दलीप, विशाल आदि भी साथ रहे।