सराहां (सिरमौर)। नारग स्थित यूको बैंक की शाखा में लूट के असफल प्रयास करने वाले पांच नकाबपोशों के गिरोह का पच्छाद पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के पांचों ही सदस्य सिरमौर के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले हैं। इस मामले में पुलिस ने अंकुश पुत्र धनबीर निवासी गांव अणु खुरकना (मैथली) तहसील नौहराधार, वरुण-अरुण उर्फ कालू पुत्र स्व. कृष्ण स्वरूप निवासी गांव चौकी चडेच तहसील पच्छाद, सचिन पुत्र गणेश दत्त निवासी गांव चौकी चडेच तहसील पच्छाद, सुभाष पुत्र राजेंद्र दत्त निवासी गांव आंजी सेवत, दिनेश उर्फ सिंघा उर्फ मोहित उर्फ दीनू पुत्र लेखराज निवासी गांव लेत्र छावली, धार टिक्करी को गिरफ्तार किया है।
गौरतलब हो कि 8 नवंबर की रात पांच नकाबपोश ताले तोड़कर बैंक के भीतर दाखिल हुए थे लेकिन कैश चेस्ट को तोड़ने में नकाबपोश कामयाब नहीं हुए। बताया जा रहा है कि सभी नकाबपोश हेलमेट पहनकर बैंक में घुसे थे। इसके बाद पुलिस ने आईपीसी की धारा 457, 380, 511 और 34 के तहत मामला दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए छानबीन और अन्वेषण हेतु एक विशेष टीम गठित की गई। इसका नेतृत्व राजगढ़ के डीएसपी भीष्म ठाकुर को सौंपा गया। इसके अलावा साइबर सेल नाहन के आरक्षी रोहित कुमार और नितीश कुमार को भी टीम का हिस्सा बनाया गया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का जायजा लिया था।
उधर, मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर डॉ. खुशहाल चंद शर्मा ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में अपराधियों ने इस बात को कबूला है कि अगस्त माह में इन्होंने सोलन के तनिष्क ज्वैलर्स शोरूम में भी वारदात को अंजाम दिया था, जबकि पच्छाद में वर्ष 2019 में एक नेपाली व्यक्ति से हुई लूटपाट की वारदात में भी यह संलिप्त रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों का पुलिस रिमांड प्राप्त किया जाएगा।
...........