नाहन (सिरमौर)। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग त्योहारी सीजन में हरकत में आ गया है। सिरमौर में लंबे समय बाद विभाग ने छापे डाले। नाहन और पांवटा साहिब से अवैध पॉलिथीन के इस्तेमाल की मिल रही शिकायतों के बाद विभाग ने कार्रवाई अमल में लाई। विभाग की टीमों ने अलग-अलग छापे डाले। इस दौरान 16 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नाहन में विभाग की अधिकारी पवित्रा पुंडीर ने साढ़े 14 हजार के चालान काटे। जबकि पांवटा साहिब में विभाग के निरीक्षक श्याम भाटिया ने 1500 रुपये जुर्माना वसूला। विभाग के अनुसार जिले के लगभग सभी क्षेत्रों में छापे डाले, जिसमें विकासखंड नाहन में 15, सराहां में 5, शिलाई में 16, राजगढ़ में 24 और पांवटा साहिब में 6 जगहों पर छापे डाले गए। इस दौरान दुकानदारों से लगभग 9 किलोग्राम पॉलिथीन जब्त कर यह जुर्माना वसूल किया गया है।
उधर, उपायुक्त सिरमौर डॉ. आरके परूथी ने बताया कि प्रदेश में पॉलिथीन का प्रयोग पूर्णतया प्रतिबंधित है। त्योहार के चलते जिला सिरमौर में पॉलिथीन का प्रयोग न हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष मुहिम चलाई जा रही है। इसके तहत जिला नियंत्रण खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मामले विभाग के अधिकारियों ने छापे डालकर कर मौके पर लगभग 16 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया है।
उन्होंने बताया कि जिला सिरमौर में त्योहार के मद्देनजर जिला प्रशासन ने दुकानदारों से पॉलीथीन का इस्तेमाल न करने की अपील करने के बावजूद भी जिले के कई क्षेत्रों से पॉलिथीन के इस्तेमाल किए जाने के शिकायतें मिलीं थीं, जिस पर संज्ञान लेते हुए यह छापे डाले गए। उपायुक्त सिरमौर ने जिला वासियों से पॉलिथीन का इस्तेमाल न करने की अपील की है।
...........