पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर पेट्रोल डीलर एसोसिएशन की एक बैठक हुई जिसमें सबसे पहले एक इंडियन ऑयल कंपनी के पंप मालिक के निधन पर चर्चा हुई। बैठक में आईओसीएल के उदासीन रवैये पर सभी ने गहरी नाराजगी जताई।
एसोसिएशन के दीपक बवेजा, विशाल शर्मा, एकांत गुप्ता, यश अग्रवाल, जगदीश तोमर, दीपक गुप्ता, विपेंद्र वालिया, राकेश गुप्ता, अमित गोयल, शम्मी सिंह, कशिश गुप्ता, सुबोध शर्मा व रवि ठाकुर ने कहा कि आईओसीएल ने सैनवाला एनएच- 07 पर एक व्यक्ति को पंप एलॉट किया था। 31 मार्च 2019 को पंप स्वामी ने पेट्रोल पंप का निर्माण कार्य पूरा कर लिया था। नेशनल हाईवे अथॉरिटी से अनापत्ति प्रमाण-पत्र मांगा था लेकिन वे अभी तक नहीं मिला है जिससे पिछले 15 महीने से अपनी पूरी जमा पूंजी लगाने के बाद भी पंप न चलने की वजह से वह मानसिक तनाव में आ गए और उनकी मृत्यु हो गई।
बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि यह मृत्यु आईओसीएल की लापरवाही के कारण हुई क्योंकि पंप स्वामी भारी मानसिक तनाव में था। उन्होंने जीवन भर की पूंजी इस पंप पर लगा दी थी। उन्होंने इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।