पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा नगर परिषद की दुर्गा कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरी की वारदात हुई। शातिर चोरों ने घर का ताला तोड़कर नकदी और ज्वेलरी उड़ा ली। शातिरों ने सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य के घर पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
शिकायत मिलने पर पांवटा थाना पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है। पांवटा में तारुवाला के समीप दुर्गा कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य संगत सिंह के घर पर अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिजन गुरुद्वारा साहिब गए थे। शिकायतकर्ता गुरमीत कौर ने बताया कि घर वापस लौटे तो ताले टूटे पाए। घर में सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। अलमारी के ताले टूटे हुए थे। अलमारी से 8 हजार की नकदी, सोने के आभूषण और बर्तनों पर चोरों ने हाथ साफ किया था। परिजनों ने कहा कि इसकी सूचना थाने में दे दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर तफ्तीश शुरू कर दी है। उधर, एसएचओ पांवटा संजय शर्मा ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर भेज दी गई। चोरी मामले की गहनता से जांच की जा रही है।