पांवटा साहिब (सिरमौर)। पुलिस थाना पांवटा साहिब के तहत पड़ने वाले गोंदपुर क्षेत्र में 26 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम पंचायत अंबोया की प्रधान सुनीता शर्मा ने बताया कि अंबोया निवासी प्रदीप कुमार (26) पुत्र किरण चंद स्थानीय ट्रक ऑपरेटर यूनियन के एक ट्रक में चालक की नौकरी करता था जो पांवटा के गोंदपुर में एक किराये के कमरे में रहता था। शुक्रवार सुबह उसके एक साथी ने कमरे का दरवाजा खटखटाया लेकिन दरवाजा न खोलने पर उसे एक छेद से भीतर झांक कर देखा तो युवक फंदे से झूलता नजर आया।
इसकी सूचना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी अशोक चौहान और मुख्य आरक्षी भूपेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर मृतक के शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजनों के पांवटा पहुंचने पर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
उधर, डीएसपी पांवटा साहिब वीर बहादुर ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर पांवटा थाना पुलिस टीम गहनता से जांच कर रही है।