पांवटा साहिब (सिरमौर)। उपमंडल पांवटा साहिब के विश्वकर्मा मंदिर में देर रात बदमाशों ने मंदिर के ताले तोड़ कर नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। विश्वकर्मा मंदिर पांवटा शहर के मुख्य चौराहे और बस स्टैंड के समीप स्थित है।
विश्वकर्मा चौक पर दिन रात पुलिस की मौजूदगी रहती है। इसके बावजूद शातिर चोरी करने में कामयाब हो गए। इसको लेकर श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी है। इससे पहले भी विश्वकर्मा मंदिर में कई बार चोरी हो चुकी है। अभी कुछ महीने पहले ही मंदिर के पुजारी ने एक चोर को रंगे हाथ पकड़ा था जो बिजली का सामान चुराकर भाग रहा था। देखने में आया है कि बड़ी संख्या में नशे के आदी चोरी की वारदातों को अंजाम देते रहे हैं।
मंदिर के ट्रस्टी सुंदरलाल मेहता ने बताया कि चोर मंदिर की सभी गुल्लक और अन्य तालों को तोड़ कर नकदी व दूसरा कीमती सामान ले कर फरार हो गए हैं। उन्होंने कहाकि मामले की शिकायत पुलिस को दी जा रही है।
...............