-बिना लाइसेंस बेचने पर होगी कार्रवाई एसडीएम ने जारी किए आदेश
-स्टॉल लगाने के लिए प्रशासन से लेनी होगी पूर्व अनुमति
संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई (सिरमौर)। दिवाली पर पटाखों की बिक्री और भंडारण को लेकर प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। एसडीएम शिलाई जसपाल ने उपमंडल में पटाखों की थोक और खुदरा बिक्री के लिए चार स्थान निर्धारित किए हैं। इन स्थानों के अलावा कहीं भी पटाखे बेचने या भंडारण करने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, बिना अस्थायी लाइसेंस पटाखे बेचने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आदेशों के अनुसार शिलाई में लोक निर्माण विभाग रेस्ट हाउस परिसर, टिम्बी में खसरा नंबर 882 का खुला मैदान, रोनहाट में लोक निर्माण विभाग रेस्ट हाउस परिसर और बकरास में खसरा नंबर 2774 का खुला मैदान पटाखों की बिक्री के लिए निर्धारित किया गया है। इन स्थानों पर भी स्टॉल लगाने के लिए प्रशासन की पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
एसडीएम ने बिक्री स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन करने के भी निर्देश दिए हैं। पटाखों के स्टॉल और शेड के बीच कम से कम तीन मीटर की दूरी रखनी होगी, जबकि संरक्षित कार्यों और संरचनाओं से 50 मीटर की दूरी अनिवार्य होगी। प्रत्येक बिक्री स्थल पर अग्निशामक यंत्र और रेत से भरी बाल्टियां उपलब्ध रखनी होंगी।
पटाखे बेचने के लिए विक्रेताओं को हिमसेवा पोर्टल (ई-डिस्ट्रिक्ट) के माध्यम से अस्थायी लाइसेंस लेना होगा। बिना वैध लाइसेंस बिक्री करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होकर 8 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेंगे।