पटाखों की बिक्री के लिए संबंधित पंचायत से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना अनिवार्य
दिवाली पर्व सुरक्षात्मक एवं सुनियोजित ढंग से मनाने के लिए बैठक आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब उपमंडल क्षेत्र में दिवाली पर्व को सुरक्षात्मक एवं सुनियोजित ढंग से मनाने के लिए बैठक आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता उपमंडल दंडाधिकारी पांवटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा ने की। बैठक में मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विस्तृत चर्चा की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पटाखों की बिक्री को संबंधित ग्राम पंचायत से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना अनिवार्य रहेगा।
एसडीएम कार्यालय पांवटा साहिब के सभागार में दिवाली पर्व को लेकर बैठक में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए चर्चा की गई। इस दौरान आतिशबाजी की ब्रिकी के संबंध में अस्थायी स्टाल लगाने के लिए जगह के चयन बारे भी चर्चा हुई। बैठक में पूर्व की भांति इस वर्ष भी पुलिस ग्राउंड पांवटा साहिब को पटाखों का अस्थायी स्टाल लगाने के लिए चिह्नित किया गया।
एसडीएम गुंजीत चीमा ने बताया कि दिवाली पर्व के अवसर पर पांवटा साहिब में 14 अक्तूबर 2025 से पटाखों की बिक्री को एसडीएम कार्यालय पांवटा साहिब की ओर से लाइसेंस जारी किए जाएंगे। यह अस्थायी लाइसेंस 17 से 20 अक्तूबर 2025 तक ही मान्य होंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी पटाखों की बिक्री के लिए संबंधित ग्राम पंचायत से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना अनिवार्य रहेगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि पटाखों के थोक विक्रेता तथा स्टॉकिस्ट भी मापदंडों के अनुसार लाइसेंस लेना सुनिश्चित करें।
एसडीएम ने बताया कि एक कमेटी का गठन किया गया है, जो शहर में थोक पटाखा विक्रेताओं की दुकानों का औचक निरीक्षण करेगी तथा मापदंडों की अवहेलना करने पर उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने प्रत्येक स्टाल लगाने वाले व्यक्ति को अपने स्टाल पर पानी की बाल्टी और रेत की बोरी रखने की हिदायत दी ताकि आगजनी से बचा जा सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने अग्निशमन विभाग को निर्देश दिए कि वह आगजनी से बचाव के लिए अग्निशमन वाहन अस्थायी पटाखा बिक्री स्थलों पर तैनात करना सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान खंड विकास अधिकारी विकास बंसल, प्रधान व्यापार मंडल अनिंद्र सिंह नोटी, नगरपालिका परिषद, जल शक्ति विभाग, पुलिस विभाग, फायर विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा मौजूद रहे।
संवाद
-..........बाक्स.................
नाहन उपमंडल के इन स्थानों पर ही बिकेंगे पटाखे
प्रशासन ने नाहन उपमंडल के तहत आने वाले क्षेत्रों में पटाखों की बिक्री को लेकर स्थानों का चयन कर लिया है। चयनित स्थानों के अलावा पटाखे बेचने पर संबंधित विक्रेताओं पर कार्रवाई होगी। इसको लेकर प्रशासन ने साफ हिदायत दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नाहन में ऐतिहासिक चौगान मैदान, कालाअंब में मारकंडा नदी के किनारे, ददाहू में सतीबाग मैदान, जमटा में मैदान तथा मोगीनंद में दरगाह मैदान को पटाखों और आतिशबाजी की बिक्री के लिए चुना गया है।
-नाहन उपमंडल के तहत आने वाले क्षेत्रों में पटाखों की बिक्री के लिए स्थान चिह्नित कर दिए गए हैं। चिह्नित स्थानों के अलावा यदि कहीं बिक्री होगी तो कार्रवाई की जाएगी। अग्निशमन विभाग को भी उचित निर्देश जारी किए गए हैं।
-राजीव सांख्यान, एसडीएम नाहन