संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/ सराहां(सिरमौर)। भारतीय मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआईएम) की पच्छाद इकाई ने क्षेत्र में अल्ट्रासाउंड सुविधा को लेकर कांग्रेस और भाजपा की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। पार्टी के पच्छाद सचिव आशीष कुमार, जिला कमेटी सदस्य राजेश तोमर, सदस्य राम लाल और लखबीर चौहान ने कहा कि दशकों तक विधायक और सरकारें देने के बावजूद पच्छाद की स्वास्थ्य व्यवस्था कमजोर क्यों बनी रही, इसका जवाब दोनों दलों को देना चाहिए।
सीपीआईएम नेताओं ने कहा कि अल्ट्रासाउंड जैसी सामान्य जांच की सुविधा के लिए भी राजनीतिक श्रेय लेने की जरूरत पड़ना स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा लंबे समय तक पच्छाद की राजनीति में प्रभावी रही हैं। ऐसे में दोनों दलों को बताना चाहिए कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए क्या ठोस कदम उठाए।
पार्टी नेताओं ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को यह जानने का अधिकार है कि अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति, पर्याप्त स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता, आधुनिक जांच उपकरणों और बेहतर उपचार की व्यवस्था के लिए क्या प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय विकास के दावे करना और किसी सुविधा के शुरू होने पर उसका श्रेय लेने की होड़ लगाना जनता के हितों से जुड़े बुनियादी सवालों से ध्यान हटाता है।
सीपीआईएम नेताओं ने कहा कि अल्ट्रासाउंड सुविधा किसी नेता की निजी उपलब्धि या जनता पर किया गया एहसान नहीं है, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स से चलने वाली व्यवस्था में बुनियादी सुविधाओं को राजनीतिक खैरात के रूप में पेश करने के बजाय स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
सीपीआईएम ने मांग की कि सराहां सहित पूरे पच्छाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए ठोस और समयबद्ध कदम उठाए जाएं। अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों और पर्याप्त स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती के साथ आधुनिक जांच उपकरण और बेहतर उपचार की सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
-संवाद