नाहन (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कोविशील्ड के टीके लगाने का अभियान युद्ध स्तर पर चल रहा है। शनिवार को जिलेभर में 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का टीकाकरण किया गया। पूरे जिले में कुल 1305 लोगों को टीके लगे।
नाहन के आयुर्वेदिक अस्पताल में सुबह से ही टीका लगाने का कार्य शुरू हुआ। आधार पंजीकरण और तमाम औपचारिकताओं के बाद टीका लगा और फिर करीब आधा घंटे तक निगरानी में रखने के बाद घर भेजा गया।
नाहन में लगभग सौ लोगों को टीके लगे। पांवटा साहिब और संगड़ाह में सबसे अधिक लोग टीका लगवाने के लिए आगे आए। राजपुर के तहत 643 और संगड़ाह में 407 लोगों ने कोरोना से बचाव के लिए कोविशील्ड के टीके लगवाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केके पराशर ने बताया कि 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग का टीकाकरण चल रहा है। इसमें कम लोग दिलचस्पी दिखा रहे हैं। उनके अनुसार स्वेच्छा से लोग टीका लगवाने के लिए टीकाकरण केंद्रों में जाएं।
बॉक्स के लिए---
स्वास्थ्य उपकेंद्र सैर तंदुला में 155 लोगों को लगे कोविशील्ड टीके
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य खंड संगड़ाह के अंतर्गत आने वाले स्वास्थ्य उपकेंद्र सैर तंदुला में शनिवार को कई ग्रामीणों को कोविशील्ड के टीके लगाए गए। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मी यशोदा ने 45 साल से ऊपर के 155 लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली डोज लगाई। कोरोना वैक्सीन लगाने के बाद लोगों को कुछ समय के लिए निगरानी में रखा गया, जिसके बाद उन्हें घर भेज दिया।
सुबह से ही स्वास्थ्य उपकेंद्र में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान लोगों में कोविड वैक्सीन लगाने के लिए काफी उत्साह दिखाई दिया। इस मौके पर नवयुवक मंडल सैर की ओर से कोविड वैक्सीन लगाने पहुंचे लोगों के लिए जलपान की सुविधा उपलब्ध करवाई गई।
................