कारोबारी को भुगतनी होगी एक साल
की कैद, चेक बाउंस में सजा बरकरार
- अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने ट्रायल कोर्ट के फैसले को ठहराया सही, 2 लाख का मुआवजा देने के भी निर्देश
- अगस्त 2022 को किसान ने आढ़ती को बेचे थे सेब, भुगतान के लिए दिया 1 लाख का चेक हुआ था बाउंस
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। करीब चार साल पहले चेक बाउंस मामले में दोषी करार दिए गए कारोबारी को अदालत से राहत नहीं मिली। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश गौरव महाजन की अदालत ने अपील को खारिज करते हुए निचली अदालत के फैसले को बरकरार रखा है। प्रिंस फ्रूट्स एंड वेजिटेबल्स कंपनी के मालिक जय सिंह को अब एक साल की सजा के साथ 2 लाख रुपये मुआवजा देना होगा।
यह मामला साल 2022 को तहसील राजगढ़ का है। उप-तहसील पझौता के किसान राम किशन ने अगस्त महीने में अपने सेब एक फल-सब्जी व्यापारी को बेचे थे। भुगतान के लिए व्यापारी ने करीब 1.06 लाख रुपये का चेक दिया, लेकिन जब किसान ने उसे बैंक में लगाया तो वह बाउंस हो गया। इसके बाद किसान ने कानूनी नोटिस भेजा, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। इस पर अदालत में मामला दायर किया गया। 27 जनवरी 2025 को ट्रायल कोर्ट (न्यायिक मजिस्ट्रेट), राजगढ़ ने आरोपी को दोषी मानते हुए सजा और मुआवजा की सजा सुनाई थी।
आरोपी ने अपील में दावा किया कि उसका किसान से कोई लेनदेन नहीं था। चेक किसी और को दिया गया था और चेक का गलत इस्तेमाल किया गया। अदालत ने कहा कि चेक आरोपी का था और उस पर हस्ताक्षर भी उसके ही हैं। चेक बाउंस होना और नोटिस का जवाब न देना आरोपी के खिलाफ जाता है। बचाव पक्ष अपनी बात साबित करने में असफल रहा। सभी साक्ष्यों को अवलोकन करने के बाद अतिरिक्त सत्र न्यायालय ने अपील खारिज करते हुए कहा कि ट्रायल कोर्ट का फैसला पूरी तरह सही है। अब आरोपी को सजा भुगतनी होगी और मुआवजा भी देना होगा।