अदालत ने आरोपी को दी राहत, गिरफ्तारी वारंट वापस, जमानत मंजूर
नाहन। विशेष न्यायालय ने एक आपराधिक मामले में आरोपी को बड़ी राहत देते हुए उसके खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट को वापिस लेने का आदेश दिया है। साथ ही अदालत ने आरोपी को जमानत पर रिहा करने की अनुमति भी प्रदान की है।
कालाअंब निवासी परमवीर ने अदालत में आवेदन दायर कर बताया कि वह पिछली सुनवाई में तारीख गलत नोट होने के कारण पेश नहीं हो सका। उसका अदालत की कार्यवाही से बचने का कोई इरादा नहीं था। वहीं, राज्य पक्ष ने आवेदन का विरोध करते हुए दलील दी कि आरोपी के फरार होने की आशंका है।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने रिकॉर्ड का अवलोकन करने के बाद पाया कि आरोपी ने वारंट जारी होने के बाद स्वयं अदालत में आत्मसमर्पण किया। इससे स्पष्ट होता है कि वह न्यायिक प्रक्रिया से भागना नहीं चाहता। अदालत ने माना कि आरोपी की दी गई वजह प्रथम दृष्टया उचित प्रतीत होती है। यह भी कहा कि गिरफ्तारी वारंट का उद्देश्य आरोपी की उपस्थिति सुनिश्चित करना होता है, न कि उसे दंडित करना। इन्हीं तथ्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी को एक लाख रुपये के निजी मुचलके और सामान राशि के जमानती पर रिहा करने का आदेश दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि शर्तों का उल्लंघन होने पर जमानत रद्द की जा सकती है।
संवाद