बाइक सवार युवक पर हमले के मामले
में आरोपियों को मिली अग्रिम जमानत
-माजरा थाना में 14 मार्च 2026 का मामला, बाइक रोककर चाकू-डंडों से हमला करने के लगे हैं आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी।
नाहन (सिरमौर)। माजरा थाना क्षेत्र में हुए मारपीट के एक मामले में अदालत ने दो आरोपियों को अग्रिम जमानत दे दी है। यह मामला 14 मार्च 2026 को झगड़े से जुड़ा है। इसमें युवक पर चाकू और डंडों से हमला किया गया था।
पुलिस के अनुसार पीड़ित अब्बास खान दोस्त आसिफ के साथ स्कूटर पर मिश्रवाला से पांवटा साहिब जा रहा था। क्यारदा मंदिर के पास अनीश और सैंटी सहित 5-6 युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने गालीगलौज के बाद अचानक हमला कर दिया। इससे अब्बास घायल हो गया। बाद में उसे सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में उपचार दिया गया। साथ ही, शिकायत के आधार पर पुलिस ने अनीस मोहम्मद समेत अन्य युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
जांच के दौरान पुलिस ने एक कटर, लोहे की पट्टी और लकड़ी का डंडा बरामद किया है। अब आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई। राज्य पक्ष ने इसका विरोध किया। हालांकि, अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपियों को 25-25 हजार रुपये के निजी मुचलके सहित अन्य शर्तों के साथ अग्रिम जमानत दे दी। अदालत ने स्पष्ट किया गया कि शर्तों के उल्लंघन पर जमानत रद्द भी की जा सकती है।
संवाद