रेणुकाजी बांध प्रभावितों को 7.64 करोड़ रुपये मुआवजा के आदेश
विज्ञापन
नाहन (सिरमौर)। रेणुकाजी बांध परियोजना से प्रभावित लोगों को आखिरकार बड़ी राहत मिल गई है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नाहन गौरव महाजन ने प्रभावितों को मुआवजे की राशि जारी करने के आदेश दे दिए हैं। अदालत ने स्पष्ट किया कि चूंकि मुआवजा अवार्ड के खिलाफ कोई अपील दायर नहीं की गई है। इसलिए राशि जारी करने में कोई कानूनी अड़चन नहीं है।
यह आदेश देवी राम और अन्य बनाम रेणुकाजी बांध परियोजना और अन्य मामले में पारित किया गया। अदालत को बताया गया कि वर्ष 2018 की संदर्भ याचिका में 18 अगस्त 2023 को मुआवजा तय किया गया था। इसकी राशि 7,64,53,008 रुपये अदालत में जमा है। आवेदकों की ओर से दलील दी गई कि घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए मुआवजा राशि की उन्हें तत्काल आवश्यकता है।
वहीं परियोजना प्रबंधन की ओर से मुआवजा जारी किए जाने पर कोई आपत्ति नहीं जताई गई। इसके बाद न्यायालय ने आदेश दिया कि आवेदकों को उनके हिस्से की राशि ब्याज सहित जारी की जाए। वहीं, दिवंगत याचिकाकर्ताओं मंगत राम और धोनू राम के हिस्से की मुआवजा राशि उनके कानूनी वारिसों को समान अनुपात में प्रदान की जाएगी।