-अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक कोर्ट की अदालत ने सुनाई सजा
-पच्छाद क्षेत्र के शाया का रहने वाले है दोषी, 2024 का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट-बलात्कार/पोक्सो) सुभाष चंदर भसीन की अदालत ने दुष्कर्म के एक मामले में आरोपी को दोषी करार देते हुए 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 30 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना अदा नहीं करने की स्थिति में अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
जानकारी के अनुसार मामला जिला सिरमौर के पच्छाद थाना क्षेत्र का है। पीड़िता की शिकायत पर 20 मई 2024 को पुलिस थाना पच्छाद में भारतीय दंड संहिता की धारा 376 , 452 और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस जांच के दौरान मामले से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए गए और गवाहों के बयान दर्ज किए गए।
जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने अदालत में आरोपी के खिलाफ चालान पेश किया। मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट में चली, जहां अभियोजन पक्ष ने गवाहों और दस्तावेजी साक्ष्यों के माध्यम से आरोप साबित किए। सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि अभियोजन पक्ष आरोपी के खिलाफ आरोप सिद्ध करने में सफल रहा।
इसके आधार पर अदालत ने रवि कुमार निवासी शाया, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर को दोषी करार देते हुए 20 वर्ष के कठोर कारावास और 30 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
अदालत के फैसले को क्षेत्र में गंभीर अपराधों के प्रति सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई और प्रभावी जांच सुनिश्चित की जा रही है, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। संवाद