भूतपूर्व सैनिक कोटे से भरे जाएंगे 11 पद
नाहन में सुबह 11 बजे होगी काउंसलिंग, मूल दस्तावेजों के साथ पहुंचने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला प्रारंभिक शिक्षा विभाग शारीरिक शिक्षा अध्यापकों (पीईटी) की बैचवाइज भर्ती के तहत 27 अगस्त को काउंसलिंग करेगा। भूतपूर्व सैनिक कोटे के तहत भरे जाने वाले पीईटी के 11 पदों के लिए काउंसलिंग नाहन में पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होगी। विभाग को अभी छह योग्य अभ्यर्थियों के नाम नामांकित होकर प्राप्त हुए हैं।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने बताया कि इन पदों को भरने के लिए भूतपूर्व सैनिक सेल, हमीरपुर को मांग भेजी गई थी। इसके बाद छह योग्य अभ्यर्थियों के नाम विभाग को प्राप्त हुए हैं। सभी नामांकित अभ्यर्थियों को काउंसलिंग और दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलावा पत्र डाक के माध्यम से भेजे जा चुके हैं। विभाग ने काउंसलिंग प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए संबंधित बायोडाटा फार्म और आवश्यक दस्तावेजों की चेकलिस्ट विभागीय ब्लॉग पर अपलोड कर दी है।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ब्लॉग से फार्म डाउनलोड कर उसे पूरी तरह भरकर काउंसलिंग के दौरान अपने साथ लाएं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी योग्य नामांकित अभ्यर्थी को अपरिहार्य कारणों या डाक में देरी के चलते कॉल लेटर प्राप्त नहीं हुआ है तो वह भी काउंसलिंग में शामिल हो सकता है। ऐसे अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और समय पर विभागीय ब्लॉग से फॉर्म डाउनलोड कर अपने सभी मूल दस्तावेजों के साथ सीधे उपस्थित हो सकते हैं। अभ्यर्थियों को डिस्चार्ज बुक, शैक्षणिक योग्यता प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की प्रतियां साथ लानी होंगी।