-पांवटा साहिब क्षेत्र के युवा बोले लाइव फोटो व आयु सीमा अपडेट के कारण भारी परेशानी
-20 जुलाई को कैबिनेट बैठक में पुलिस भर्ती को एक वर्ष की आयु सीमा बढ़ाने की घोषणा हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए आवेदन कर रहे अभ्यर्थियों को ऑनलाइन फॉर्म भरने में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसमें सबसे अधिक दिक्कत लाइव फोटो अपलोड करने में आ रही है। कई अभ्यर्थियों का कहना है कि लाइव फोटो सफलतापूर्वक लेने के बाद भी फॉर्म जमा नहीं हो रहा, जिसके कारण वे आवेदन की प्रक्रिया पूरा नहीं कर पा रही हैं।
स्थानीय लोगों सलीम, दविंदर सहोता , तनुजा, पंकज, दीपक व इरफान का कहना है कि 20 जुलाई को हुई कैबिनेट बैठक में पुलिस भर्ती के लिए एक वर्ष की आयु सीमा बढ़ाने की घोषणा की गई है, लेकिन अभी तक पोर्टल पर इस संबंध में कोई आधिकारिक अपडेट लागू नहीं किया गया है। परिणामस्वरूप, जिन अभ्यर्थियों को आयु सीमा में छूट मिलनी है, वे भी आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। पिछले चार-पांच दिनों से लगातार ये समस्या हो रही है। युवाओं ने हिमाचल प्रदेश लोक सेवा, भर्ती प्राधिकरण से आग्रह किया है कि आवेदन पोर्टल से लाइव फोटो के विकल्प को हटाए, या फिर तकनीकी समस्या का कोई तुरंत समाधान किया जाए। एक वर्ष की आयु सीमा बढ़ाने के निर्णय को शीघ्र पोर्टल पर लागू कर पात्र अभ्यर्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाए।
स्थानीय युवाओं सलीम, कार्तिक व कपिल ने कहा कि लाइव फोटो की अनिवार्यता उचित प्रतीत नहीं होती, क्योंकि भर्ती प्रक्रिया के दौरान दस्तावेज सत्यापन, बायोमेट्रिक सत्यापन, शारीरिक परीक्षण तथा अन्य कई स्तरों पर अभ्यर्थियों की पहचान की पुष्टि की जाती है। इसलिए केवल लाइव फोटो की तकनीकी समस्या के कारण पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। इसलिए संबंधित विभाग से अनुरोध है कि इस विषय पर शीघ्र कार्रवाई करके प्रदेश के हजारों अभ्यर्थियों को राहत प्रदान की जाए।-