नाहन/ददाहू (सिरमौर)। डीजल और पेट्रोल के लगातार बढ़ते दामों को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर रोष प्रदर्शन किए। इस दौरान एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया। जिला मुख्यालय नाहन में कांग्रेस और एनएसयूआई ने रोष प्रदर्शन कर महंगाई के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष कंवर अजय बहादुर सिंह ने बताया कि केवल पेट्रोल-डीजल बल्कि रसोई गैस सिलिंडर के साथ-साथ सरसों तेल की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि यदि इसी तरह से कीमतें बढ़ती रहीं तो जल्द ही देशभर की जनता का गुस्सा सरकार के खिलाफ फूटने वाला है। वहीं, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार एनएसयूआई ने भी जिला मुख्यालय नाहन में धरना प्रदर्शन किया। एनएसयूआई के जिला सचिव विक्रम शर्मा ने कहा कि वैश्विक महामारी के इस मुश्किल दौर में जहां पूरा देश और पूरा प्रदेश इस वैश्विक महामारी से जूझ रहा है, वहीं सरकार दिन प्रतिदिन पेट्रो पदार्थों, रसोई गैस और लोगों की रोजमर्रा वस्तुओं को और मंहगा कर रही है।
जिला उपाध्यक्ष राहुल शर्मा ने कहा कि यदि सरकार ने डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को वापस नहीं लिया तो एनएसयूआई प्रधानमंत्री सहित सरकार और उनके मंत्रियों के पुतले जलाएगी, जिसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी।
रेणुका ब्लॉक कांग्रेस ने डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के विरोध में शुक्रवार को रोष प्रदर्शन किया। रेणुकाजी के बडोन ग्राम में स्थित पेट्रोल पंप पर किए गए इस रोष प्रदर्शन में कांग्रेसियों ने प्रदेश और केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर जमकर खरी-खोटी सुनाई।
रेणुका ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष तपेंद्र चौहान ने कहा कि महंगाई कम करने की दुहाई देकर सत्ता में आई भाजपा सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाकर महंगाई को बढ़ावा दिया है। जबकि कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में बैरल अधिक होने के बावजूद भी पेट्रोल और डीजल के दाम पूरी तरह से नियंत्रित व स्थिर थे लेकिन वर्तमान में बैरल के दाम काफी कम होने के बावजूद भी पेट्रोल और डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के चलते जहां लोगों के काम-धंधे, कारोबार, व्यवसाय और नौकरियां आदि खत्म हो गई हैं। वहीं तेल की कीमतें बढ़ने से लोगों को महंगाई का बोझ बढ़ गया है। पिछले एक महीने से ही तेल के दामों में निरंतर वृद्धि हो रही है। इस मौके पर पीसीसी सदस्य यशपाल चौहान, ब्लाक महासचिव मित्र सिंह तोमर, जिला परिषद सदस्य, ओम प्रकाश युकां उपाध्यक्ष ओपी ठाकुर सहित कांग्रेस के अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
...............