संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने प्रदेश कांग्रेस सरकार पर भाजपा सरकार में शुरू हुये विकास कार्यों को बिना वजह लटकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि साढ़े तीन साल बीत जाने के बाद भी न तो कांग्रेस सरकार अपनी गारंटियों को पूरा कर पाई और न ही विकास का एक भी कार्य हुआ। परिणामस्वरुप कांग्रेस सरकार के विरुद्ध जनता में रोष बढ़ता जा रहा है।
डा. राजीव बिंदल शुक्रवार को नाहन विधानसभा क्षेत्र के कंडईवाला, जंगलाभूड़, कौलावाला भूड़, शिकारडी-कोटला में संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती पखवाड़े के अवसर पर आयोजित विभिन्न बैठकों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार ने कौलांवाला भूड़ आईटीआई भवन निर्माण हेतु 6 करोड़ रुपये स्वीकृत किए, किन्तु, साढ़े तीन साल बीत जाने के बाद भी आईटीआई भवन का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ। स्थानीय विद्यार्थियों को नाहन में जाकर आईटीआई की पढ़ाई पूरी करनी पड़ रही है। यही नहीं कांग्रेस शासन में इस आईटीआई में न तो कोई नया सब्जेक्ट शुरू हुआ और न ही भवन बनकर तैयार हुआ। कांग्रेस सरकार की बेरुखी के कारण क्षेत्र के विद्यार्थियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।