बैठक के बाद नाहन में मीडिया से रूबरू हुए विधायक अजय सोलंकी
वोट चोरी का मुद्दा उठाने के लिए राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी का जताया आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर कांग्रेस ने मोदी सरकार के खिलाफ बड़ा हमला बोलते हुए सोमवार को कांग्रेस भवन नाहन से वोट चोर गद्दी छोड़.., हस्ताक्षर अभियान का आगाज किया। इस दौरान जिलेभर से आए दिग्गज कांग्रेसी नेता कार्यक्रम में मौजूद रहे। सुबह के समय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की इस अभियान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं इस अभियान के जिला संयोजक अजय सोलंकी ने वोट चोर गद्दी छोड़.., हस्ताक्षर अभियान का विधिवत आगाज किया।
उन्होंने जिला स्तरीय बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इसे देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक निर्णायक पहल बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार यह न समझें कि लोकतंत्र की रक्षा करने निकले राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी अकेले हैं, आज पूरा देश उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र को आज बड़ा खतरा पैदा हो गया है, जिसके खिलाफ यह आंदोलन शुरू किया गया है।
बैठक के बाद अजय सोलंकी ने प्रेसवार्ता को भी संबोधित किया। इसमें उन्होंने हस्ताक्षर अभियान की विस्तृत जानकारी मीडिया से साझा की। इस दौरान पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए सोलंकी ने चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा किया और कहा कि वह केंद्र सरकार के पिट्ठू की तरह काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि देश के नागरिकों के वोट से देश में सरकार बनती और बिगड़ती है। देश की कई विधानसभाओं में लंबे समय से वोट की हेराफेरी की शिकायतें मिल रहीं थीं। इसका खुलासा राहुल गांधी ने वोट चोरी को सामने लाकर किया है। उन्होंने इसके लिए राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी का आभार भी प्रकट किया। उन्होंने चुनाव आयोग से मतदाताओं का डाटा फोटो सहित सार्वजनिक करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पार्टी विशेष और समुदाय विशेष के खिलाफ कार्य कर रहा है जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस वोट चोरी के खिलाफ अब सिरमौर की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में वोट चोर गद्दी छोड़.., हस्ताक्षर अभियान शुरू कर दिया गया है। जिले के हर विधानसभा क्षेत्र से दो हजार हस्ताक्षरों का दस्तावेज एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने चुनाव आयोग से चुनाव प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मतदाताओं को फोटो युक्त पर्ची देने की भी मांग की।
इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता रूपेंद्र ठाकुर, एपीएमसी के चेयरमैन सीताराम शर्मा, वरिष्ठ नेता अवनीत लांबा, मंडल अध्यक्ष ज्ञान चौधरी सहित पांचों मंडलों के अध्यक्ष मौजूद रहे।
संवाद