स्वास्थ्य केंद्र, पशु औषधालय और पटवार सर्कल बंद होने से जनता परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक संस्थानों को बंद करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के बजाय संस्थानों पर ताले लगाने का काम किया है। इसका खामियाजा ग्रामीण और दूरदराज की जनता को भुगतना पड़ रहा है।
प्रेस बयान में बिंदल ने कहा कि वर्ष 2022-23 में छह, 2023-24 में 12, 2024-25 में 29 तथा 2025-26 में 12 स्कूल बंद किए गए। इस प्रकार अब तक सिरमौर जिले में 59 सरकारी स्कूल बंद हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के कांग्रेस नेता इस मुद्दे पर पूरी तरह मौन हैं और जनता के हितों की अनदेखी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्कूलों के अलावा सरकार लगातार अन्य सरकारी संस्थानों को भी बंद कर रही है। पशु औषधालयों और पटवार सर्कलों को बंद किए जाने से हजारों लोगों को अपने कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। इसका सबसे अधिक असर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर पड़ रहा है।
बिंदल ने आरोप लगाया कि सरकार ने त्रिलोकपुर, सैनवाला-मुबारिकपुर और पंजाहल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी बंद कर दिए हैं। इससे स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।