पुरूवाला (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय भरली आंजभोज के खेल मैदान में अचानक कोबरा सांप दिखने से अफरा-तफरी मच गई। बच्चे और स्टाफ डर के मारे इधर-उधर भागने लगे। तत्काल स्कूल प्रशासन ने स्थिति को संभालने के लिए प्रयास किए और सांप को दूसरी ओर भगा दिया, लेकिन वह ज्यादा दूर नहीं गया, बल्कि एक बिल में छिप गया।
विज्ञापन
विद्यालय प्राचार्या ऋतु पंत व अधीक्षक चिंतामणि ने इसकी सूचना वन मंडल कार्यालय पांवटा साहिब को कर दी ताकि वन्य जीव विभाग की टीम कोबरा सांप का रेस्क्यू कर सके। विदित हो कि गत माह भरली कॉलेज में तेंदुए की चहलकदमी का वीडियो वायरल हुआ था, अभी बच्चे उसका खौफ नहीं भूल पाए और अब कोबरा सांप का खौफ शुरू हो गया। उधर, पांवटा डीएफओ ऐश्वर्य राज ने पुष्टि की है। उन्होंने वन थाना पुरूवाला को जल्द कोबरा सांप का रेस्क्यू करने को कहा है। संवाद