- संगड़ाह स्कूल को सीबीएसई स्कूल बनाने की घोषणा, प्रतिदिन 5000 लीटर क्षमता के मिल्क चिलिंग प्लांट पर विचार का आश्वासन
- मुख्यमंत्री ने कहा, पूर्व भाजपा सरकार के समय अस्पतालों में उपलब्ध था केवल 35 प्रतिशत स्टाफ
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/नौहराधार। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार 31 मार्च 2027 तक स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की उपलब्धता 70 प्रतिशत से अधिक करने के लिए प्रयासरत है। पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में अस्पतालों में केवल 35 प्रतिशत स्टाफ उपलब्ध था। वर्तमान सरकार चिकित्सा महाविद्यालयों, क्षेत्रीय अस्पतालों, जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से सिरमौर जिला के रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के नौहराधार में 6.92 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण करने के बाद संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करना है, ताकि लोगों को बेहतर उपचार के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ शिक्षा सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दे रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को घर के समीप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सीबीएसई स्कूल खोले जा रहे हैं। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संगड़ाह को सीबीएसई स्कूल बनाने की घोषणा की। साथ ही क्षेत्र में प्रतिदिन 5000 लीटर क्षमता का मिल्क चिलिंग प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव पर विचार करने का आश्वासन दिया।