नाहन (सिरमौर)। कोविड संकट के बीच सिरमौर जिले के डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में 50 नर्सों के पद भरे जाएंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नाहन के एक दिवसीय दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सिरमौर की स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के लिए संजीवनी दी है।
मुख्यमंत्री ने नाहन के प्रधानाचार्य को इस महामारी के नियंत्रण और प्रबंधन के लिए अस्थायी रूप से 50 नर्सों, चार डेटा एंट्री ऑपरेटरों, 20 चतुर्थ श्रेणी वार्ड ब्वॉयज, तीन प्रयोगशाला तकनीशियनों और 10 ऑपरेशन थियेटर सहायकों को प्राधिकृत सेवा प्रदान कर्ता एजेंसियों के माध्यम से 30 जून तक आउटसोर्स आधार पर कोविड ड्यूटी पर तैनात करने के लिए अधिकृत किया गया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि चिकित्सक और अन्य पेरा-मेडिकल स्टाफ कोविड-19 मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करें और सहानुभूति पूर्ण रवैया अपनाएं क्योंकि यह उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहायक सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए की इस महामारी के संबंध में प्रदेश सरकार की ओर से जारी मानक संचालन प्रक्रिया और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। बहुउद्देश्यीय परियोजनाएं और ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने कोविड मामलों की संख्या के आधार पर पंचायतों को उच्च संवेदनशील, संवेदनशील और सामान्य पंचायतों के आधार पर बांटने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने निर्वाचित प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि लोगों को कोविड से संबंधित स्वच्छता, टीकाकरण और होम आइसोलेशन के दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
सिरमौर के उपायुक्त डॉ. आरके परूथी ने कहा कि जिले में कोरोना के 114830 परीक्षण किए जा चुके हैं जिनमें से अब तक लगभग सात हजार मामले पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में 1635 सक्रिय मामले हैं और ठीक होने की दर 75.74 प्रतिशत है।
------------