महिलाओं और विद्यार्थियों ने श्रमदान कर झील से निकाली घास और खरपतवार
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। दुर्गाष्टमी पर मां रेणुका सेवा समिति के सौजन्य से रेणुका झील में स्वच्छता एवं संरक्षण अभियान चलाया गया। इसमें महिलाओं और स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं ने करीब चार फीट गहरे पानी में उतरकर झील से कमल के पत्ते, घास, सरकंडे, गिरे हुए पेड़ और अन्य खरपतवार जड़ों सहित बाहर निकाले। बाद में इस सामग्री को ट्रैक्टरों के माध्यम से उचित स्थान पर पहुंचाया गया।
समिति अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर ने बताया कि समिति ने प्रत्येक रविवार और विशेष पर्वों पर रेणुकाजी तीर्थ की सफाई तथा पवित्र झील के संरक्षण और उसे गादमुक्त बनाने के लिए नियमित श्रमदान का संकल्प लिया है। इस अभियान में सामाजिक व धार्मिक संगठनों, महिला मंडलों और स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों का निरंतर सहयोग मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि रविवार को श्रमदान के दौरान झील से खरपतवार से भरे चार ट्रैक्टर निकाले गए। अभियान में महिला मंडल खालाक्यार और एकेएम पब्लिक स्कूल ददाहू के विद्यार्थियों व शिक्षकों ने विशेष सहयोग दिया। इस अवसर पर बीबीसी सदस्य वीर सिंह ठाकुर सहित अन्य श्रद्धालु भी मौजूद रहे।