संगड़ाह (सिरमौर)। जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत तहसील संगड़ाह में हाउस लिस्टिंग और आवास गणना का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न किया जाएगा। एसडीएम सुनील कायथ व नायब तहसीलदार नवीन कुमार ने बताया कि जनगणना कार्य के सफल संचालन के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। प्रथम चरण के तहत स्वगणना का कार्य 1 से 15 जून तक किया जाएगा, जबकि हाउस लिस्टिंग एवं आवास गणना का कार्य 16 जून से 15 जुलाई तक संचालित होगा। तहसील संगड़ाह के अंतर्गत जनगणना कार्य के लिए 51 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए हैं। इन ब्लॉकों में जनगणना कार्य को संपन्न कराने के लिए 44 प्रगणक तथा 8 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। नगर पंचायत क्षेत्र के लिए चार्ज अधिकारी के रूप में एसडीएम सुनील कायथ नियुक्त किए गए हैं। वहीं, तहसील स्तर पर तहसीलदार नवीन कुमार जनगणना कार्यों की निगरानी करेंगे। जनगणना कर्मियों के प्रशिक्षण की जिम्मेदारी प्रशिक्षक डॉ. विनोद कुमार तथा चंद्रप्रकाश पथिक को सौंपी गई है।
नगर पंचायत संगड़ाह में कुल सात जनगणना खंड बनाए गए हैं, जिनके लिए चार प्रगणक एवं एक पर्यवेक्षक की नियुक्ति की गई है। प्रशासन का कहना है कि जनगणना कार्य को निर्धारित समयावधि में पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।