-ब्लू स्टार कंपनी में 50 और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस में भरे जाने हैं 10 पद
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला रोजगार कार्यालय नाहन के माध्यम से निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कालाअंब स्थित ब्लू स्टार कंपनी में अस्थायी ऑपरेटर के 50 पदों को भरने के लिए 21 अप्रैल को कैंपस इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। साक्षात्कार सुबह 10 बजे से जिला रोजगार कार्यालय नाहन में होंगे।
जिला रोजगार अधिकारी देविंद्र कुमार ने बताया कि इन पदों के लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता 12वीं या आईटीआई (फिटर, रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग, टर्नर, इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोटर मैकेनिक, पंप ऑपरेटर व वेल्डर) निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को 20,800 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, हिमाचली प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर साक्षात्कार में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
उधर, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस लिमिटेड नाहन की ओर से 10 पदों के लिए 22 अप्रैल को ही कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। इनमें क्लर्क के 2 पद और सेल्स मार्केटिंग के लिए डेवलपमेंट मैनेजर के 8 पद शामिल हैं। 4 पद पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित हैं। साक्षात्कार सुबह 10 बजे से जिला रोजगार कार्यालय नाहन में होंगे। इन पदों के लिए आयु सीमा 25 से 45 वर्ष और शैक्षणिक योग्यता 12वीं/स्नातक रखी गई है। चयनित उम्मीदवारों को 20,800 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अभ्यर्थियों का नाम रोजगार कार्यालय में ऑनलाइन पंजीकृत होना अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय पोर्टल ईईएमआईएस पर पंजीकरण करने के बाद अपनी प्रोफाइल के माध्यम से अधिसूचित पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन पंजीकरण कराने वाले अभ्यर्थियों को भी वेबसाइट पर लॉग इन आईडी व पासवर्ड बनाना होगा। संवाद