निर्जला एकादशी पर ददाहू में व्यापारियों ने लगाई शरबत की छबील
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। निर्जला एकादशी के मौके पर सोमवार को व्यापारियों ने ददाहू बस अड्डे पर शरबत व हलवे की छबील लगाई। यहां दिन भर हजारों राहगीरों व यात्रियों को शरबत व हलवे का प्रसाद वितरित किया गया।
इससे गर्मी से बेहाल लोगों को थोड़ी बहुत राहत मिली और लोग शरबत पीकर तृप्त दिखाई दिए। इस साल द्वादशी बुधवार को होने से निर्जला एकादशी को दो दिन मनाया जा रहा है। मंगलवार को भी निर्जला एकादशी पर्व मनाया जाएगा। इस दिन मीठा जल पिलाने, दान व पुण्यकर्म आदि करने का विशेष महत्व है। छबील को सफल बनाने में भारत भूषण गोयल, मोहित, दीपक अग्रवाल, ऐश्वरीय गुप्ता सहित अन्य व्यापारियों का विशेष योगदान रहा।