पांवटा साहिब (सिरमौर)। व्यापार मंडल पांवटा साहिब नेे दुकानों को खोलने के नए आदेश में कुछ जरूरी परिवर्तन करने का आग्रह जिलाधीश से किया है। इस बारे में स्थानीय विस क्षेत्र के विधायक सुखराम चौधरी और एसडीएम के समक्ष भी आग्रह किया है। सोमवार को एसडीएम पांवटा साहिब के कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में पांवटा विस क्षेत्र के विधायक सुखराम चौधरी, एसडीएम पांवटा एलआर वर्मा, डीएसपी सोमदत्त, तहसीलदार कपिल तोमर, नगर पालिका कार्यकारी अधिकारी एसएस नेगी, सिविल सप्लाई विभाग निरीक्षक श्याम लाल भाटिया, एसएचओ संजय शर्मा और बीएमओ राजपुर डॉ. अजय देयोल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान व्यापार मंडल पांवटा के पदाधिकारियों ने कहा कि कुछ नई श्रेणी की दुकानें हैं जिनको हफ्ते में 3 दिन कार्य करने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। छूट संबंधित अपना आग्रह और ब्लूप्रिंट रखा। इस बारे में जिलाधीश सिरमौर को व्यापार मंडल ने अवगत करवाया था।
व्यापार मंडल ने मांग रखी है कि कृषि उपकरणों की मरम्मत और स्पेयर पार्ट्स की दुकानें, बीजों की दुकानें, फल-सब्जी, डेयरी, बेकरी, ढाबा और मिठाई आदि इन श्रेणी की दुकानों को हफ्ते में 6 दिन कार्य करने की जिला प्रशासन शीघ्र छूट प्रदान करें। व्यापार मंडल पांवटा साहिब अध्यक्ष अनिंद्र सिंह ने व्यापारियों की विभिन्न मांगों और समस्याओं को ध्यान से सुनने स्थानीय विधायक सुखराम चौधरी तथा एसडीएम लायक राम वर्मा और डीएसपी पांवटा साहिब सोमदत्त समेत सभी अधिकारियों का आभार प्रकट किया है।