-धारटी विकास संगठन ने आरएम नाहन को भेजा प्रस्ताव, बस सेवा बंद होने से चार पंचायतों के ग्रामीण परेशान
-बाजार जाने के लिए करना पड़ रहा इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय मेला श्री रेणुकाजी के मद्देनजर धारटी विकास संगठन ने खाली-अच्छोन बस रूट पर दोपहर के समय बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई है। संगठन ने इस संबंध में क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) हिमाचल पथ परिवहन निगम नाहन को प्रस्ताव भेजा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस रूट पर बस सेवा बंद होने के बाद से ही चार पंचायतों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह बस छूट जाने या किसी कारणवश देरी होने पर लोगों के पास दिनभर बाजार पहुंचने का कोई दूसरा विकल्प नहीं रहता।
धारटी विकास संगठन की तृतीय कार्यकारिणी की बैठक प्रधान जोगीराम शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में इस समस्या पर चर्चा के बाद दोपहर के समय खाली-अच्छोन रूट पर निगम की बस चलाने का प्रस्ताव पारित किया गया। संगठन ने आरएम नाहन से आग्रह किया है कि अंतरराष्ट्रीय मेला श्री रेणुकाजी के दौरान यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर प्राथमिकता से विचार किया जाए।
ग्रामीणों ने समस्या रखते हुए बताया कि बस सेवा बंद होने के बाद से क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्रामीणों को अपनी कृषि उपज बेचने, घरेलू जरूरतों का सामान खरीदने और अन्य जरूरी कार्यों के लिए बाजार जाना पड़ता है। यदि किसी कारणवश सुबह बाजार जाने के लिए देरी हो जाए तो फिर दिनभर कोई बस उपलब्ध नहीं होती। ऐसे में लोगों को कई तरह की दिक्कतों से जूझना पड़ता है। इस रूट पर अन्य बस सुविधा भी उपलब्ध नहीं है।
संगठन के प्रधान जोगीराम शर्मा और सचिव हेमचंद शर्मा ने कहा कि खाली-अच्छोन रूट पर दोपहर में बस सेवा शुरू होने से चार पंचायतों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने निगम प्रबंधन से मांग की कि ग्रामीणों की सुविधा को देखते हुए दोपहर की बस सेवा जल्द शुरू की जाए।-