संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। बुद्ध पूर्णिमा के पावन पर्व पर शुक्रवार को साईं समिति रानीताल और आनंद निलयम बाल-विकास के छात्र-छात्राओं की ओर से विभिन्न आध्यात्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने प्रभात फेरी निकालकर क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई, जिसके बाद रानीताल क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। बच्चों ने साइलेंट सिटिंग, ध्यान और योगाभ्यास के माध्यम से मानसिक शांति का संदेश दिया।
इसके साथ ही बच्चों के शारीरिक विकास के लिए अनेक बाल-क्रीड़ाओं (खेलकूद) का भी आयोजन किया गया। रानीताल स्थित शिव मंदिर परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बाल-विकास के विद्यार्थियों ने सुमधुर स्वर में साईं भजन, शिव भजन और देवी भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का समापन शिव मंदिर में विधिवत शिव स्तुति और मंगल आरती के साथ हुआ। इस दौरान साईं समिति द्वारा उपस्थित सभी बच्चों और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
साईं सेवा समिति के अध्यक्ष प्रो. अमर सिंह चौहान ने बच्चों को संबोधित करते हुए मानवीय मूल्यों, घर पर अपनी वस्तुओं के उचित रखरखाव, योग और ध्यान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को जीवन में सदाचार और अच्छे संस्कारों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
इस विशेष अवसर पर पर्यावरण अध्यक्ष डॉ. सुरेश जोशी, बाल-विकास संयोजिका निरुपमा जोशी, ओंकार जमवाल, अनूप भटनागर, बाल-विकास गुरु सरिता भटनागर, चेतना सिंह, सिम्मी और दर्शना सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
-संवाद