पांवटा में 77,173 वाहन पंजीकृत, पार्किंग सुविधा महज 750 की
एक वर्ष पहले भेजी दो पार्किंग योजनाओं को बजट की दरकार
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। शहर में पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए सरकार को भेजी गई दो पार्किंग योजनाओं को बजट की दरकार है।
पंजीकरण एवं लाइसेंसिंग अथॉरिटी (आरएलए) पांवटा साहिब में कार्यालय में 77,000 से अधिक वाहन पंजीकृत हैं। हर वर्ष हजारों की संख्या में वाहनों की बढ़ोतरी हो रही है।
ऐसे में पार्किंग की दो योजनाएं तैयार करने के लिए नगर परिषद ने एक साल पहले बजट मंजूरी को शिमला भेजा था लेकिन बजट राशि मंजूर नहीं हो सकी है।
पांवटा साहिब शहरी क्षेत्र में वाहन पार्किंग सुविधा मात्र 500 से 750 वाहनों की है। इसको ध्यान में रखते हुए नगर परिषद ने पार्किंग की बेहतर सुविधा के लिए दो योजनाएं तैयार की हैं जिसमें एनएच-07 पर विश्वकर्मा चौक और मेला मैदान पांवटा साहिब में भूमिगत पार्किंग योजना शामिल हैं। नगर परिषद ने प्राक्कलन तैयार कर इनको निदेशक शहरी विकास शिमला को बजट योजना मंजूरी को भेजा था, जिसमें प्रथम चरण में डेढ़ करोड़ के बजट की मांग रखी। एक वर्ष बाद भी बजट का प्रावधान नहीं हो सका है।
पांवटा साहिब नगर परिषद अध्यक्ष निर्मल कौर और उपाध्यक्ष ओपी कटारिया ने कहा कि निदेशक शहरी विकास शिमला को योजनाएं बजट मंजूरी को भेजी गई हैं। बजट मिलने के बाद ही इन योजनाओं का कार्य शुरू हो सकेगा।
संवाद