बरसात में टूटी सड़कों पर गड्ढों के चलते पैदल चलना तक कठिन
भुंगरनी, बांगरण से होकर भगानी सड़क का टारिंग का कार्य होगा शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। भारी बरसात के चलते पांवटा मंडल की सड़कों को काफी क्षति पहुंची है। कुछ सड़कों पर तो जगह-जगह गड्ढों के चलते पैदल चलना भी खतरे से खाली नहीं है। अब मौसम खुलने पर विभाग इन सड़कों की मरम्मत और टारिंग का कार्य शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इस कार्य पर लगभग दो करोड़ का बजट खर्च होगा। पांवटा साहिब व आंजभोज निवासी अर्जुन सिंह, प्रदीप चौहान, सतपाल सिंह, देवराज पुंडीर, धर्मेंद्र ठाकुर, रमन ठाकुर, सलीम, लता चौहान, मोहब्बत अली, किरण बाता, संदीप ठाकुर, पवन, दीप चौधरी, जीएस चौहान ने बताया कि बरसात में इस बार एनएच के साथ एमडीआर मार्ग और संपर्क सड़कों की हालत काफी खराब हो गई है। खासकर पांवटा साहिब परशुराम चौक से बांगरन, भुंगरनी होकर भगानी तक मार्ग जगह-जगह टूटा है। गड्ढों के चलते पैदल तक चल पाना कठिन हो रहा है। शहरी क्षेत्र में चुंगी नंबर छह के समीप सड़क बुरी तरह से उखड़ चुकी है। इस स्थल पर मिट्टी भर दी गई है, अब धूप निकलते ही हर तरफ धूल ही धूल उड़ रही है। वहीं, लोक निर्माण विभाग का कहना है कि बरसात के चलते कुछ कार्य रुके थे। करीब डेढ़ करोड़ बजट से भुंगरनी, बांगरण से होकर भगानी सड़क के टारिंग का कार्य शीघ्र शुरू होगा। जिला आपदा फंड से करीब 45 लाख रुपये का बजट लोक निर्माण विभाग के पांवटा साहिब मंडल को मिला है। एमडीआर मार्ग पांवटा डाकत्थर, धौलाकुआं से बायाला, कोलर से हरिपुरखोल समेत अन्य संपर्क मार्गों का पैचवर्क कार्य किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिशासी अभियंता दलीप सिंह तोमर ने कहा कि भारी बरसात के चलते इस बार 22 करोड़ से अधिक नुकसान हुआ है। फिलहाल दो करोड़ के बजट से एमडीआर मार्ग की टारिंग तथा अन्य मार्गों का पैचवर्क व जल निकासी कार्य शुरू होगा।