बरसात में भारी बाढ़ से टूट गया था पुल का पिलर, लोगों को झेलनी पड़ रही थी समस्या
भजन चौधरी
धौलाकुआं (सिरमौर)। पांवटा साहिब-पडदूनी सड़क पर टोका गुलाबगढ़ की सीमा पर क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नये पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यहां करीब दो करोड़ के बजट से पुल का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। पुल का निर्माण हो जाने के बाद स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
बता दें कि तीन महीने पहले यहां बरसात में भयंकर बाढ़ के कारण पुल का पिलर टूट जाने पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। ऐसे में यहां के करीब एक दर्जन गांवों के लिए संकट बन गया था। लोगों को आने-जाने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब पुल का निर्माण कार्य शुरू हो जाने से लोगों ने राहत की सांस ली है।
उधर, लोगों की समस्याओं को देखते हुए विभाग ने प्राक्कलन तैयार कर विभाग को भेजा था। स्वीकृति मिलने के बाद इसका काम शुरू हुआ है। विभाग का मानना है कि पुल का निर्माण समय अवधि में ही जल्दी पूरा कर दिया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दलीप तोमर ने बताया कि जल्द ही निर्माण कार्य पूरा कर यातायात के लिए बहाल किया जाएगा। अभी तक अस्थायी मार्ग बनाया गया है। इससे यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चालू है।
संवाद