जिला सिरमौर के 6 स्कूलों के पुस्तकालयों के लिए योजना के तहत सप्लाई होनी हैं किताबें
209 में से 65 किताबें फटी और पानी से भीगी हुईं निकलीं
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत प्राप्त हुई किताबों की सप्लाई पर सवाल उठ रहे हैं। सप्लायर की ओर से स्कूल को किताबें खराब सप्लाई कर दी गईं। इसका पता स्कूल प्रबंधन को पैकेट खोलने के बाद चला। इसके बाद स्कूल प्रबंधन चिंता में है।
नाहन शिक्षा खंड की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिक्रमबाग को शुक्रवार को सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत सप्लायर की ओर से पुस्तकालय के लिए कहानियों व ज्ञान बढ़ाने को लेकर 209 किताबों की सप्लाई दी गई। स्कूल प्रबंधन ने जब शनिवार को थैलों को खोलकर किताबें निकालीं तो करीब 65 की हालत खराब निकली। कई किताबें बुरी तरह से फटी हुई थीं तो कई पानी से भिगी हुई थीं। ऐसे में स्कूल प्रबंधन भी चिंता में है। उधर, मामला संज्ञान में आते ही शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है और संबंधित सप्लायर से बात की जा रही है।
बिक्रमबाग स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने बताया कि 209 किताबों की सप्लाई हुई है, इसमें से 65 किताबों की हालत सही नहीं है। उन्होंने बताया कि शनिवार को किताबों को निकाला जा रहा था, तब इसका पता चला। उधर, अभिभावकों ने भी सरकार से सही किताबें भेजे जाने की गुहार लगाई है।
.........बाक्स......
राज्यसभा सांसद ने बच्चों के लिए की है किताबें देने की पहल
राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार ने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत स्कूल के बच्चों को पाठ्य और ज्ञान बढ़ाने को लेकर पुस्तकें उपलब्ध करवाने की पहल शुरू की है। बताया जा रहा है कि उनके द्वारा हर साल स्कूलों के पुस्तकालयों में किताबें भेजी जाती हैं। सांसद इससे पहले हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के उप कुलपति भी रह चुके हैं।
.............बाक्स...........
सिरमौर के 6 स्कूलों को होनी है किताबों की सप्लाई
उच्च शिक्षा विभाग के उपनिदेशक हिमेंद्र बाली ने बताया कि बिक्रमबाग स्कूल में एमपी लेड के माध्यम से मिली सप्लाई में कुछ किताबें खराब होने का मामला संज्ञान में आया है। मामले में सप्लायर से बात की जाएगी और जो किताबें खराब हैं, उन्हें बदला जाएगा। जिले के 6 स्कूलों में इस योजना के तहत किताबों की सप्लाई होनी है। अन्य स्कूल प्रबंधकों को भी निर्देश दिए जा रहे हैं कि सप्लाई के दौरान ही किताबों की जांच करें।