-आठ करोड़ रुपये की लागत से तैयार आठ किलोमीटर सड़क का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
-चाढ़ना–गुदगधार सड़क का भी फिटनेस ट्रायल सफल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
संवाद न्यूज एजेंसी
नौहराधार (सिरमौर)। सिरमौर जिले के बहुप्रतीक्षित नौहराधार–चूड़धार सड़क मार्ग पर शनिवार को बस का सफल ट्रायल किया गया। करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आठ किलोमीटर लंबी इस सड़क पर रोड फिटनेस कमेटी ने निरीक्षण करते हुए बस संचालन का परीक्षण किया। ट्रायल सफल रहा। लोगों को अब जल्द नियमित बस सेवा शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।
बस ट्रायल के दौरान एसडीएम सुनील कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता खजान सिंह, विभागीय अधिकारियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बस में सफर कर सड़क की गुणवत्ता, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क को बस संचालन के लिए उपयुक्त पाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क के शुरू होने से चूड़धार और आसपास के गांवों के लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिलेगी।
अब विद्यार्थियों, मरीजों और ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में काफी सुविधा होगी। साथ ही चूड़धार आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसी दौरान चाढ़ना–गुदगधार सड़क के लगभग छह किलोमीटर हिस्से का भी रोड फिटनेस कमेटी की ओर से सफल ट्रायल किया गया।
बस ट्रायल की सफलता के बाद अब लोगों को उम्मीद है कि परिवहन विभाग शीघ्र ही इस मार्ग पर नियमित बस सेवा शुरू करेगा, जिससे नौहराधार, चूड़धार और आसपास के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।