नाहन/पांवटा साहिब (सिरमौर)। अब शिलाई विधानसभा क्षेत्र के कफोटा में खंड चिकित्सा अधिकारी बैठेंगे। कैबिनेट की बैठक में सरकार ने यहां खंड चिकित्सा अधिकारी का नया कार्यालय खोलने की मंजूरी दे दी है। यहां चिकित्सकों समेत अन्य श्रेणियों के 18 पद भरे जाएंगे। लंबे समय से यहां बीएमओ कार्यालय खोलने की मांग की जा रही थी, जिसे सरकार ने पूरा कर दिया है।
इसके साथ साथ पांवटा साहिब के राजपुर और खोड़ोवाला में दो नई उप तहसीलों को भी स्वीकृति मिली है। यहां नायब तहसीलदारों के दो पदों समेत 24 पद भरे जाएंगे। सरकार ने पांवटा साहिब तहसील के तहत मौजूदा पटवार वृत्तों के पुनर्गठन को भी मंजूरी दी।
इस क्षेत्र के लोगों को सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से मंत्रिमंडल ने देवीनगर, गोंदपुर, छछेती, पातलियों, बाईंकुआं, शमशेरपुर, मानपुर देवड़ा, खोदरी, मोहकमपुर नवादा, बनौर और डांडा में 11 नए पटवार वृत्त के अलावा राजपुरा और भाटांवाली में दो नए कानूनगो वृत्त खोलने को स्वीकृति प्रदान की। अब पांवटा साहिब तहसील में कुल 23 पटवार वृत्त और 4 कानूनगो वृत्त हो जाएंगे। इसके अलावा नाहन तहसील के कालाअंब में भी नई उपतहसील खोलने को सरकार ने मंजूरी दी।
.....
कलाथा में आयुर्वेदिक केंद्र
मंत्रिमंडल की बैठक में सिरमौर जिले के कलाथा में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने सहित तीन पदों को सृजित कर भरने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोरखुवाला-दो को 10 बिस्तरों वाले स्वास्थ्य संस्थान में स्तरोन्नत करने, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरिपुरधार को नागरिक अस्पताल में स्तरोन्नत कर यहां विभिन्न श्रेणियों के 26 पद सृजित कर भरे जाएंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य उप केंद्र जरग को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत किया गया है। साथ ही 30 बिस्तर वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर को स्तरोन्नत कर सरकार ने 50 बिस्तरों की क्षमता का कर दिया है। यहां छह चिकित्सकों समेत 20 पद भरे जाएंगे।