बरसात में सीलन बताई जा रही वजह,
डिपो से एक महीने का पूरा स्टॉक न बिक पाना भी कारण
आटा के थैलों पर अंकित वैद्यता तिथि भी अलग-अलग
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में इस महीने उचित मूल्य की दुकानों से वितरित किए जा रहे आटा पर सवाल उठाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि आटा काला पड़ने लगा है और उसमें डलियां बनने लग गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस महीने डिपुओं में उपभोक्ता राशन लेने के लिए गए तो उन्हें डिपो में काले रंग का आटा दिया जाने लगा। ऐसे में उपभोक्ताओं ने आटा लेने से इनकार कर दिया है और नई सप्लाई का इंतजार उपभोक्ता कर रहे हैं।
सूत्रों की मानें तो बीते और इस महीने किसी एक आटा मिल की ओर से सप्लाई किए गए आटा में अधिक शिकायत आटा के काला पड़ने की आ रही हैं। ऐसे में विभाग की ओर से संबंधित संचालकों को भी निर्देश दिए हैं। हालांकि एक कारण बरसात में सीलन अधिक होना भी बताया जा रहा है, लेकिन कारण जो भी हों उपभोक्ताओं को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार डिपो के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
उपभोक्ताओं बिमला देवी, जसविंद्र, इस्लाम आदि ने बताया कि इस इस महीने जब वह डिपो में आटा लेने गए तो वहां आटा में डलियां मिलीं और आटा काले रंग का अधिक था। ऐसे में उन्होंने आटा नहीं लिया। उन्होंने बताया कि बीते महीने भी यही समस्या आ रही थी। उन्होंने मांग उठाई कि आटा की सप्लाई की सही जांच होनी चाहिए।
वहीं, बताया जा रहा है कि जो जिस आटे में यह समस्या आ रही है उसकी अभी वैद्यता तिथि है। पिछले महीने की सप्लाई से जो शेष आटा रहता है उसमें अधिक समस्या आ रही है। कुछ उपभोक्ता आटा आदि डिपो से लेकर नहीं जाते। ऐसे में आटा डिपुओं में बचता है, जिसकी अगले महीने सप्लाई होती है। बताया जा रहा है कि यही आटा सबसे ज्यादा खराब होता है। हालांकि यह जांच का विषय है।
........बाक्स.........
वैद्यता की तिथि भी अलग-अलग
वहीं, एक सवाल आटा के थैलों पर अंकित की गई वैद्यता तिथि को लेकर भी उठ रहा है। जिले में अलग-अलग मिलें आटा की सरकारी सप्लाई करती हैं। कुछ में आटा के थैले पर पैकिंग के दौरान से 90 दिन तक की वैद्यता तिथि अंकित की गई है तो कुछ में यह तिथि 60 दिन तक की गई है। ऐसे में सवाल उठता है कि इसमें एकरूपता क्यों नहीं है। उपभोक्ताओं में इसको लेकर भी असमंजस रहता है।
..........बाक्स..........
कुछ महीनों के इंतजार के बाद हुई दालों की सप्लाई
उधर, जिले के डिपुओं में इंतजार के बाद अब त्योहारी सीजन में दालों की सप्लाई हो गई है। इस महीने उपभोक्ताओं को तीनों दालें डिपुओ में मिल रही हैं। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में करीब 2800 क्विंटल दालों की खेप पहुंची है। जल्द सरसों के तेल की भी खेप पहुंचने की उम्मीद है।
-
-जिले के कुछ स्थानों पर आटा काला पड़ने की शिकायतें मिली थीं। इसके बीते माह सैंपल भी एकत्रित किए गए थे। बरसात अधिक होने और सीलन आदि के चलते समस्या अधिक आ रही है। फिर भी संबंधित मिल संचालकों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। उपभोक्ताओं को समस्या नहीं होने दी जाएगी।
-शमशेर सिंह नेगी, डीएफएससी सिरमौर
मोगीनंद में डिपू में काले हुआ आटा व आटा में पड़ी डलियां। स्रोत जागरूक पाठक
मोगीनंद में डिपू में काले हुआ आटा व आटा में पड़ी डलियां। स्रोत जागरूक पाठक