भाजपा की जीत ने स्पष्ट कर दिया जनता प्रधानमंत्री मोदी के साथ
प्रदेशाध्यक्ष बोले, प्रधानमंत्री की नीतियों पर जनता ने लगाई मुहर
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/शिलाई/सराहां(सिरमौर)। प्रदेश और जिला के भाजपा नेताओं ने देश के तीन राज्यों मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में मिली जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है।
प्रेस को जारी बयान में प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप, प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर, विधायक सुखराम चौधरी, रीना कश्यप, जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता ने कहा कि तीन राज्यों में भाजपा की जीत ने स्पष्ट कर दिया है कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है।
जनता ने प्रधानमंत्री की नीतियों पर मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि तीन राज्यों में स्पष्ट बहुमत के साथ तेलंगाना में भी भाजपा की सीटों में इजाफा हुआ है। भाजपा ने केंद्र की सत्ता का सेमीफाइनल जीत लिया है। अब अगले साल लोकसभा चुनाव में सत्ता का फाइनल भी भाजपा ही जीतेगी।
भाजपा नेताओं ने कहा कि तीनों ही राज्यों में कांग्रेस ने जनता को भ्रमित करने के लिए चुनावों के समय कई लोक लुभावने वादे किए लेकिन जनता जानती है कि देश हित मोदी के हाथों में सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में झूठी गारंटियां देकर सत्ता में आई कांग्रेस की झूठी गारंटियां मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में नहीं चल पाईं हैं।
भाजपा नेताओं ने कहा कि मोदी ने अपने 9 वर्ष के कार्यकाल में जो कहा है उसे करके दिखाया है। यही वजह है कि देशवासियों का मोदी के नेतृत्व पर विश्वास बढ़ा है और जनता ने तीन राज्यों में भाजपा को रिकाॅर्ड जीत दिलाई है।
तीन राज्यों में मिली जीत पर ददाहू में जुलूस के दौरान जश्न मनाते भाजपा कार्यकर्ता। संवाद