-नाहन में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित
-संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और जनसंपर्क अभियान तेज करने पर बनी रणनीति
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक रविवार को नाहन स्थित भाजपा कार्यालय दीपकमल में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान ने की। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने तथा प्रदेश कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान ने कहा कि संगठन के विस्तार, बूथ सशक्तीकरण, जनसंपर्क अभियान और आगामी कार्यक्रमों को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों के साथ विस्तृत मंथन किया गया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, बेहतर समन्वय और सेवा भाव के साथ संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि भाजपा की नीतियों और केंद्र सरकार की योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि बैठक में प्रदेश कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों और फैसलों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मोर्चा ने निर्णय लिया है कि सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों को लेकर घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा तथा व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और जनता का विश्वास खो चुकी है।
मनीष चौहान ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर भाजपा के पक्ष में माहौल तैयार करेगा।
उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में मोर्चा प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान, संगठनात्मक कार्यक्रमों और जनजागरण गतिविधियों को और तेज करेगा, ताकि कांग्रेस सरकार की नीतियों को जनता के बीच उजागर किया जा सके और भाजपा के पक्ष में जनसमर्थन बढ़ाया जा सके।-