प्रदेश में तीन सितंबर को शुरू होगा भाजपा का सदस्यता अभियान : डाॅ. बिंदल
जयराम ठाकुर को बनाया जाएगा पहला सदस्य, प्रदेश में बनाए जाएंगे 16 लाख सदस्य
प्रदेश भाजपा ने हर बूथ पर 200 सदस्य बनाने का रखा लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश में भाजपा के सदस्यता अभियान की शुरुआत 3 सितंबर को राजधानी शिमला से होगी। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को पहला सदस्य बनाया जाएगा। यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने नाहन में सदस्यता अभियान को लेकर आयोजित बैठक के बाद पत्रकारों से कही।
डाॅ. बिंदल ने कहा कि सदस्यता अभियान के तहत प्रदेश स्तरीय कार्यशाला और सभी 17 संगठनात्मक जिलों में कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि दो सितंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश, प्रधानमंत्री को सदस्य बनाकर राष्ट्र स्तर पर सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे। प्रदेश में चार सितंबर को जिलास्तर पर और पांच सितंबर को मंडल स्तर पर सदस्यता अभियान शुरू होगा। पार्टी ने हर पोलिंग बूथ पर 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है और प्रदेश में कुल 16 लाख सदस्य बनाए जाएंगे।
इस दौरान प्रदेश सरकार पर हमलावर होते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 20 महीने के कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विकास में हिमाचल लगातार पिछड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार के समय में जो विकास कार्य शुरू हुए थे वह तमाम काम रुके हुए हैं।
मौजूदा सरकार की ओर से जनता के ऊपर बोझ डालने का काम तेज गति से किया जा रहा है। सत्ता में आने से पहले कांग्रेस के जो नेता तरह-तरह की घोषणाएं कर रहे थे वही नेता जनता के ऊपर बोझ बन जाने का काम कर रहे हैं।
इससे पूर्व हिंदू आश्रम नाहन में सदस्यता अभियान को लेकर हुई बैठक में शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद सुरेश कश्यप, नाहन मंडल के अध्यक्ष प्रताप ठाकुर समेत अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संवाद
नाहन में सदस्यता अभियान को लेकर हुई भाजपा मंडल नाहन की बैठक में मौजूद कार्यकर्ता। संवाद