नारीवाला में आयोजित निशुल्क शिविर में स्वास्थ्य जांच करवाते पांवटा के विधायक सुखराम चौधरी। संव
विधायक सुखराम चौधरी ने किया विधिवत शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब(सिरमौर)। भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल पांवटा साहिब की ओर से जनकल्याण के उद्देश्य से निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। शिव मंदिर नारीवाला में हुए शिविर में 62 मरीजों का स्वास्थ्य जांचा गया। ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस सेवा का लाभ उठाया, जिससे शिविर पूरे दिन उत्साहपूर्ण और सक्रिय रहा।
भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल पांवटा साहिब अध्यक्ष संयम गुप्ता और चरनजीत सिंह ने कहा कि शिविर में नागरिकों की सुविधा के लिए हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, कैल्शियम और यूरिक एसिड सहित कई आवश्यक जांच पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई गई। जांच प्रक्रिया एवं तकनीकी व्यवस्था डॉ. लाल पैथ लैब पांवटा साहिब के सहयोग से सुनिश्चित की गई। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में युवा मोर्चा पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के मुख्यातिथि विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने स्वयं भी सभी स्वास्थ्य परीक्षण करवाए। उन्होंने समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के युवा मोर्चा के इस प्रयास को सराहनीय बताया। उन्होंने ऐसी पहल को निरंतर जारी रखने का आग्रह किया और युवाओं के इस जोश एवं सेवा भावना को क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बताया।
संवाद