-पंचायतों के पुराने रिकॉर्ड में पंजीकरण संख्या गायब, सीआरएस पोर्टल पर नहीं मिल रहा ब्योरा
-छात्रवृत्ति पासपोर्ट सहित कई जरूरी काम अटके, भटक रहे आवेदक
-रिकॉर्ड की खामियों के चलते प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/नैनाटिक्कर (सिरमौर)। सिरमौर जिले में ऑनलाइन जन्म प्रमाण पत्र बनवाना लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। पंचायतों के पुराने रिकॉर्ड में खामियों के चलते सैकड़ों लोगों के जन्म प्रमाण पत्र ऑनलाइन नहीं बन पा रहे हैं। इसका असर स्कूलों में प्रवेश, छात्रवृत्ति, पासपोर्ट और नौकरी सहित कई जरूरी कार्यों पर पड़ रहा है। लोग पंचायत सचिव से लेकर खंड विकास कार्यालय और मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय तक चक्कर काटने को मजबूर हैं।
दरअसल, सरकार ने जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया नागरिक पंजीकरण प्रणाली (सीआरएस) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन कर दी है। नई व्यवस्था में पुराने पंचायत रजिस्टर में दर्ज पंजीकरण संख्या होना अनिवार्य है। समस्या यह है कि जिले की कई पंचायतों में वर्ष 1990 से 2015 तक के रिकॉर्ड में लोगों के नाम तो दर्ज हैं, लेकिन उनके सामने पंजीकरण संख्या नहीं लिखी गई है। कई रजिस्टर फटे-पुराने हैं तो कुछ में केवल नाम और जन्मतिथि दर्ज कर दी गई है। ऐसे में ऑनलाइन आवेदन करने पर पोर्टल पर रिकॉर्ड नॉट फाउंड का संदेश आ रहा है।
इसके बाद आवेदकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। लोग पहले पंचायत सचिव के पास जाते हैं। वहां रिकॉर्ड में पंजीकरण संख्या नहीं होने की बात कहकर असमर्थता जताई जाती है। इसके बाद उन्हें विकास खंड कार्यालय भेजा जाता है, जहां से मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय नाहन जाने को कहा जाता है। सीएमओ कार्यालय में फिर पंचायत से रिपोर्ट लाने की सलाह दी जाती है। इस तरह आवेदक बीडीओ और सीएमओ कार्यालय के बीच भटक रहे हैं।
साधनाघाट पंचायत के चंदोग निवासी धर्म सिंह और पट्टा कुरफड़ के बलबीर सिंह ने बताया कि वे पिछले एक महीने से पंचायत और मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय नाहन के चक्कर काट रहे हैं। ऑनलाइन जन्म प्रमाण पत्र नहीं बनने से उनके जरूरी काम अटके हुए हैं। छात्रवृत्ति और पासपोर्ट के लिए जन्म प्रमाण पत्र अनिवार्य है लेकिन प्रमाण पत्र नहीं बनने के कारण वे आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि पुराने रिकॉर्ड की खामियों को दूर करने के लिए जल्द व्यवस्था बनाई जाए।
वहीं, बनेठी पंचायत के राजेश कुमार ने बताया कि वह बच्चों के नाम और जन्मतिथि में सुधार करवाने के लिए पंचायत और सीएमओ कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। उधर, पंचायत सचिवों का कहना है कि पुराना रिकॉर्ड उन्हें पूर्व सचिवों से इसी स्थिति में मिला था। पोर्टल पर पुराने रिकॉर्ड को दुरुस्त करने का अधिकार जिला स्तर पर है। पंचायत स्तर पर उनके पास इसमें बदलाव करने की सुविधा नहीं है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश प्रताप ने बताया कि समस्या पंचायत स्तर पर हो या सीएमओ कार्यालय स्तर पर, उसका समाधान किया जाएगा। संबंधित व्यक्ति कार्यालय में आकर उनसे मिल सकता है। समस्या के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।