नाहन के एसएफडीए सभागार में सुबह 11 बजे से शुरू होगी चयन प्रक्रिया
श्रेणी सी और डी के कलाकारों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों का चयन इस बार ऑडिशन के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए 16 नवंबर को एसएफडीए सभागार नाहन में सुबह 11 बजे से ऑडिशन प्रक्रिया आयोजित होगी। इसमें सिरमौर सहित अन्य जिलों के श्रेणी सी और डी के कलाकार हिस्सा ले सकेंगे।
मेला कमेटी की उपाध्यक्ष एवं उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि ऑडिशन में चयनित कलाकारों को 19 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा। कलाकार ऑडिशन के दौरान वही प्रस्तुति दे सकेंगे, जिसे वे मेले की सांस्कृतिक संध्या में पेश करना चाहते हैं। चयन प्रक्रिया कलाकार चयन समिति की निगरानी में होगी। चयनित कलाकारों का पंजीकरण भी मौके पर ही किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि श्रेणी ए और बी के उन कलाकारों का चयन ऑडिशन के बजाय सांस्कृतिक समिति करेगी, जिन्हें आकाशवाणी, दूरदर्शन या किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से ए अथवा बी ग्रेड प्राप्त है। ऐसे कलाकारों का चयन उनके आवेदनों, गायन के पूर्व रिकॉर्ड और अनुभव के आधार पर किया जाएगा।