-कालाअंब-पांवटा एनएच पर मोगीनंद में हुआ हादसा
-चालक वाहन समेत मौके से फरार, छानबीन में जुटी पुलिस
संवाद न्यूजल एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। कालाअंब-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे- 07 पर मोगीनंद क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक 26 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक हादसा शुक्रवार देर शाम उस वक्त पेश आया, जब मानविंद्र सिंह सैनी, निवासी नौणी बाग, (नाहन) औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब से छुट्टी करके घर लौट रहा था।
मोगीनंद क्षेत्र में पहुंचा तो एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह बाइक सहित नीचे गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चालक कार सहित मौके से फरार हो गया।
मौके पर उपस्थित लोगों ने इसकी सूचना कालाअंब पुलिस थाना में दी और युवक को नाहन मेडिकल कॉलेज भिजवाया। नाहन मेडिकल कॉलेज से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि परिजन स्वेच्छा से उसे देहरादून के किसी बड़े हॉस्पिटल में उपचार के लिए ले गए हैं।
बहरहाल, कालाअंब पुलिस ने घायल की शिकायत पर स्थानीय कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, ज्ञात हुआ है कि युवक की बाजुओं में फ्रेक्चर हुआ है और पीठ में गंभीर चोटें लगी हैं। पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने पुष्टि की है। संवाद