- देर रात दूसरी बाइक पर पहुंचा शातिर, वारदात के बाद फरार
- पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच, आरोपी की तलाश तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन के बनोग क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। नेशनल हाईवे नाहन-कुम्हारहट्टी पर शाही मिष्ठान भंडार के समीप खड़ी एक बाइक को अज्ञात शातिर ने आग के हवाले कर दिया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे एक बाइक को पूरी तरह जली हुई अवस्था में देखा। सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बाद में सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक व्यक्ति दूसरी बाइक पर घटनास्थल पर पहुंचता दिखाई देता है। वह कुछ देर तक मौके पर रुकता है, बीड़ी या सिगरेट पीता है और फिर बेहद इत्मीनान से पास में खड़ी बाइक में आग लगाकर वहां से फरार हो जाता है।
प्रारंभिक फुटेज में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी ने बाइक पर पहले पेट्रोल या कोई अन्य ज्वलनशील पदार्थ डाला था या नहीं, लेकिन आग जिस तेजी से फैली उससे किसी ज्वलनशील पदार्थ के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले बाइक को चोरी कर ले जाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर उसमें आग लगा दी।
फिलहाल जली हुई बाइक के मालिक की पहचान नहीं हो सकी है। बाइक पल्सर प्रतीत हो रही है तथा उसकी नंबर प्लेट भी स्पष्ट नहीं दिख रही है। पुलिस ने आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि अभी तक किसी की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इनसेट-1
गुन्नूघाट में बाइक में अचानक लगी आग, समय रहते टला बड़ा हादसा
नाहन। शहर के गुन्नूघाट क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब पांच बजे एक बाइक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। घटनास्थल के समीप स्थित पुलिस चौकी के जवानों और आसपास के दुकानदारों ने तत्परता दिखाते हुए पानी और अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ, हालांकि बाइक को नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बाइक में तकनीकी खराबी अथवा शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। संवाद
नाहन के बनोग में जलाई गई बाइक। संवाद
नाहन के बनोग में जलाई गई बाइक। संवाद
नाहन के बनोग में जलाई गई बाइक। संवाद