भरली आंजभोज कॉलेज के विद्यार्थियों ने जानी पुलिस की कार्यप्रणाली
सड़क सुरक्षा क्लब के छात्रों ने पुलिस कंट्रोल रूम पांवटा का किया दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
नघेता (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय भरली आंजभोज के सड़क सुरक्षा क्लब के सदस्यों ने ट्रैफिक कंट्रोल रूम पांवटा साहिब का दौरा किया। यहां पुलिस विभाग के योगेश कुमार व जितेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी प्रदान की।
इस दौरान विद्यार्थियों ने यहां की कार्यप्रणाली को भी बारीकी से समझा। जितेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को ई-चालान और यातायात नियमों के उल्लंघन पर मिलने वाले दंड के बारे में भी बताया।
पुलिस कर्मी जुल्फान मोहम्मद ने विद्यार्थियों को पुलिस थाने की कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड रजिस्टर, वूमेन हेल्प डेस्क, हेल्पलाइन नंबर और साइबर क्राइम की जानकारी दी।
डीएसपी पांवटा मानवेंद्र ठाकुर ने सही तरीके से वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कार्यकारी प्राचार्य डाॅ. जगदीश चौहान, सड़क सुरक्षा क्लब की प्रभारी स्वाति चौहान, प्राध्यापक सुशील तोमर समेत 40 विद्यार्थी मौजूद रहे। संवाद