श्री जगन्नाथ जी के स्वागत द्वार की आधारशिला 8 को रखी जाएगी
प्रभु श्री जगन्नाथ की असीम कृपा से शुभ मुहूर्त में होगा कार्य : भुवन जोशी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। नाहन शहर के दिल्लीगेट पर भगवान श्री जगन्नाथ का भव्य स्वागत द्वार निर्मित किया जाएगा। इस कार्य की आधारशिला 8 दिसंबर को रखी जाएगी। प्रेस को जारी बयान में भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा कमेटी के महासचिव भुवन जोशी ने यह जानकारी दी।
भुवन जोशी ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की असीम कृपा से मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष, एकादशी पुण्य तिथि (उत्पन्ना एकादशी), मार्गशीर्ष 23 गते, तदानुसार 8 दिसंबर, दिन शुक्रवार को शुभ मुहूर्त में दोपहर 12:10 बजे से 1:40 के मध्य भगवान श्री जगन्नाथ के भव्य स्वागत द्वार की आधारशिला रखी जाएगी।
इस मौके पर दिल्लीगेट पर वैदिक महामंत्रों का पाठ किया जाएगा। उन्होंने सभी शहरवासियों से इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुबह 11:30 बजे श्री जगन्नाथ मंदिर में एकत्रित होने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सभी लोग सामूहिक रूप से वाद्य यंत्रों और प्रभु संकीर्तन करते हुए कार्यक्रम स्थल तक जाएंगे। इसके बाद भव्य स्वागत द्वार की आधारशिला रखी जाएगी।
संवाद